जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद के सदस्यों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजकीय जिला चिकित्सालय में दो न्यूरो सर्जन और रावतसर के राजकीय चिकित्सालय में एक आर्थो विशेषज्ञ की तत्काल नियुक्ति की मांग की गई है। परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि जिला अस्पताल में वर्तमान में कोई न्यूरो सर्जन उपलब्ध नहीं है। इसके कारण मस्तिष्क से जुड़ी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बीकानेर, जयपुर या अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है और समय पर इलाज न मिलने से कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है। विशेषकर सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में यह समस्या अधिक सामने आती है। इसी प्रकार रावतसर के राजकीय चिकित्सालय में भी लंबे समय से आर्थो विशेषज्ञ की कमी बनी हुई है। क्षेत्र में सड़क हादसों, गिरने और अन्य कारणों से हड्डी से जुड़ी चोटों के मामले लगातार सामने आते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर की अनुपस्थिति में मरीजों को हनुमानगढ़ या अन्य शहरों में रेफर करना पड़ता है, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के लोगों को काफी परेशानी होती है। प्रवीण जैन ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे में जिले की इन महत्वपूर्ण आवश्यकताओं पर भी प्राथमिकता से ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि यदि जिला अस्पताल में न्यूरो सर्जन और रावतसर में आर्थो विशेषज्ञ की नियुक्ति होती है, तो हजारों मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर रामगोपाल जैन, दिनेश शर्मा, राजपाल नोखवाल, संतलाल, विनोद कुमार, ओमप्रकाश और जीत सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।