बीकानेर जिले की छतरगढ़ पंचायत समिति की केला गांव में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद विवाद हो गया। जमीला पत्नी इकबाल की जीत के बाद कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस-प्रशासन की तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, देर रात तक चली मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम पर भी हमला किए जाने की सूचना है। पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के घायल होने की बात सामने आई है। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी पवन कुमार और थाना अधिकारी नवनीत सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हालात संभालने में जुटे रहे। गांव में तनाव, पुलिस-प्रशासन अलर्ट घटना के बाद केला गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सरपंच चुनाव के परिणाम के बाद हुए इस घटनाक्रम से क्षेत्र में हलचल मच गई। फिलहाल, घायल पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की संख्या तथा गाड़ियों को हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। इनपुट : रामेश्वर, छत्तरगढ़।