बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में लिव-इन पार्टनर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के साथ उसकी दोनों बेटियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में आरोपी महिला के बेटे की भूमिका की भी जांच की जा रही है। थानाधिकारी बोले- कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेंगे लूणकरणसर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई ने बताया कि घटना के बाद पहले महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। जांच और साक्ष्यों के आधार पर उसकी दोनों बेटियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। बता दें कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र निवासी मूलाराम (50) पिछले कुछ समय से लूणकरणसर क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। सोमवार रात दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला और उसके बच्चों ने मूलाराम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मूलाराम को आरोपी पक्ष ही निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज मृतक के भाई हेमाराम की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पहली पत्नी की मौत के बाद मूलाराम आरोपी महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था। महिला का अपने पति से तलाक हो चुका था। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और महिला की ओर से मूलाराम को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। एफआईआर के अनुसार 6 जुलाई की शाम मूलाराम अपने बेटे को लेने के लिए महिला के खेत पर पहुंचा था। आरोप है कि वहां महिला, उसकी दोनों बेटियों और बेटे ने एक राय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के बेटे के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह खबर भी पढ़िए… प्रेमिका ने लिव-इन पार्टनर की पीट-पीटकर हत्या की:बच्चों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला किया; महिला को पकड़ा बीकानेर में महिला ने बच्चों के साथ मिलकर लिव-इन पार्टनर (प्रेमी) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। पूरी खबर पढ़िए