बीकानेर नगर निगम के मेयर पद के लिए अब कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला होगा। कांग्रेस पार्षद नवरतन डागा ने शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही अब कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अनिल कल्ला और भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत मैदान में हैं। 80 पार्षद करेंगे मेयर का चुनाव बीकानेर नगर निगम में कुल 80 पार्षद हैं। चुनाव परिणाम के अनुसार कांग्रेस के 42, भाजपा के 27, निर्दलीय 10 और आरएलपी का एक पार्षद है। मेयर पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दोनों प्रमुख दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। डागा के मैदान में उतरने से बढ़ी थी हलचल कांग्रेस के नवरतन डागा ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी अनिल कल्ला के सामने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। उनके मैदान में आने के बाद कांग्रेस के भीतर संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। शुक्रवार को नामांकन वापस लेने के बाद यह स्थिति समाप्त हो गई और अब मुकाबला कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशी के बीच है। डोटासरा से मुलाकात के बाद वापस लिया नामांकन नामांकन वापसी से पहले नवरतन डागा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद डागा ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की बात कही थी। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन वापस ले लिया। डिप्टी मेयर पद को लेकर भी तैयारी शुरू मेयर चुनाव के साथ ही डिप्टी मेयर पद को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस की ओर से जावेद पड़िहार का नाम चर्चा में है। वे वार्ड 55 से कांग्रेस के निर्वाचित पार्षद हैं। वहीं भाजपा की ओर से डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। डिप्टी मेयर का चुनाव 22 सितंबर को होना है।