बीकानेर में गैंग बनाकर अपराध करने, बदमाशों को शरण देने और कई गंभीर अपराधों की प्लानिंग करने के मामलों में वांटेड आरोपी विष्णु साध को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फिरौती से जुड़े कई मामलों में जांच चल रही है। आरोपी को नयाशहर थाना पुलिस और कोटगेट थाने की संयुक्त टीम ने पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 9 मामलें दर्ज हैं। बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी विष्णु साध को बीकानेर के बाहर से हिरासत में लिया था, जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से नयाशहर थाने के जस्सूसर गेट के बाहर और नृसिंह मंदिर के पास का रहने वाला है। उसके खिलाफ कोटगेट थाने में 14 अक्टूबर 2025 को एक मामला दर्ज हुआ था। उसी मामले में ये गिरफ्तारी हुई है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। गैंग बनाकर धमकाने और फिरौती मांगने के आरोप पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ गैंग बनाकर फायरिंग कर डराने-धमकाने और अपहरण कर फिरौती मांगने जैसे संगठित अपराधों से जुड़े मामले दर्ज हैं। संबंधित प्रकरण में गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।