बीकानेर के खाजूवाला में पुलिस थाने से ही एक बुलेट बाइक चोरी हो गई। दिल्ली पुलिस के सिपाही ने बाइक को सुरक्षित समझकर करीब ढाई महीने पहले थाना परिसर में खड़ा किया था, लेकिन वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। सिपाही ने मामले की शिकायत थानाधिकारी को देकर जांच की मांग की है। 26 जून को लौटा तो बाइक नहीं मिली दिल्ली पुलिस के सिपाही अनिल यादव मूल रूप से खाजूवाला के चक 3 बीजीएम के रहने वाले हैं और ड्यूटी के चलते दिल्ली व खाजूवाला के बीच आते-जाते रहते हैं। करीब ढाई महीने पहले दिल्ली लौटते समय उन्होंने अपनी बुलेट को खाजूवाला थाने में खड़ा कर दिया था। 26 जून को वापस आने पर जब वे बाइक लेने पहुंचे तो वह वहां नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने थानाधिकारी को आवेदन देकर बताया कि उनकी बाइक थाना परिसर से ही गायब हो गई है। दोस्त से मांगकर लाई थी बाइक अनिल ने पुलिस को बताया - इस बार वे दिल्ली से अपने एक दोस्त की बाइक लेकर आए थे और जाते समय उसे भी यहीं खड़ा कर दिया था। उन्होंने एक परिचित को बाइक के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन अब उसे भी बाइक के बारे में कुछ पता नहीं है। अनिल ने 26 जून को रिपोर्ट दी थी, लेकिन अब तक बाइक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सीसीटीवी फुटेज से जांच की मांग अनिल यादव ने बताया-मैंने बाइक चोरी की रिपोर्ट पुलिस को दे दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच करना खाजूवाला पुलिस का काम है। बाइक मैंने एक दोस्त से मांगकर लाई थी। कंटेंट : इस्माइल खान, खाजूवाला