बीकानेर में RAC जवान ने अपने क्वार्टर के कमरे में सुसाइड कर लिया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें डिप्रेशन और मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखी है। जवान ने सुबह क्वार्टर के कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो साथी दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। कमरे में जवान फंदे पर लटका मिला। मामला बीछवाल थाना इलाके के RAC की थर्ड बटालियन क्वार्टर्स का गुरुवार सुबह 11:30 मिनट का है। क्वार्टर में अकेले रह रहे थे जवान थानाधिकारी दिगपाल सिंह ने बताया- सुबह सूचना पर पहुंचे और RAC जवान की पहचान मांगीलाल पुत्र हड़मानाराम के रूप में हुई है। वह बटालियन परिसर में बने क्वार्टर में रहते थे। मांगीलाल पिछले कुछ दिन से क्वार्टर में अकेले रह रहे थे। उनका परिवार गांव गया हुआ था। वो लूणकरनसर तहसील के छट्‌टासर गांव के रहने वाले थे। मांगीलाल आरएएसी 2021 बैच के हैं। परिवार में पत्नी और एक चार साल की बेटी है। उन्होंने एक सुसाइड नोट भी लिखा है। नोट में इतना ही लिखा है कि मानसिक रूप से परेशान होने के कारण सुसाइड कर रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह मांगीलाल के कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर साथियों ने जाकर देखा। कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना बीछवाल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान के सेवादारों को बुलाया। दोनों संस्थाओं के सेवादार एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। शव को सीएम मूंदड़ा मेडिसिन विंग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव PBM अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंचे सेवादार खिदमतगार खादिम सोसायटी की ओर से हाजी जाकिर, हाजी नसीम, सोयेब भाई, मोहम्मद जुनैद, अब्दुल सत्तार, इमरान और अयूब लोदा तथा असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खड़गावत मौके पर पहुंचे।