बीकानेर में भीड़ ने एक युवक को चोर समझकर उसकी पिटाई कर दी। मामला पुलिस तक पहुंचा और पूछताछ हुई तो पता चला कि वह चोर ही नहीं है। मामला शहर के पूगल रोड स्थित सब्जी मंडी का है। हालांकि बाद में पुलिस ने युवक को ही शांति भंग करने के मामले में गिरफ्तार कर दिया है। मंडी की दुकान से हुए थे रुपए चोरी जानकारी के अनुसार मंडी में एक नंबर दुकान से एक लाख रुपए चोरी हो गए थे। इसके बाद व्यापारियों ने अपने स्तर पर छानबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक युवक पर शक हुआ। ऐसे में मंडी के व्यापारियों ने उसे पकड़ा और उसकी पिटाई शुरू कर दी। देर रात तक उससे मारपीट की गई। इसके बाद मुक्ता प्रसाद नगर थाने की पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। मुक्ता प्रसाद नगर थानाधिकारी विजेंद्र शीला ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया कि चोरी युवक ने नहीं की थी। हालांकि उसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। अब एक नंबर दुकान से चोरी हुए एक लाख रुपए की तलाश की जा रही है। युवक की पिटाई, वीडियो वायरल इधर, इससे पूर्व जब युवक की पिटाई की तो मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। भीड़ चोर समझकर लगातार उसकी पिटाई करती जा रही थी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। पुलिस ने जब युवक से पूछताछ की तो सामने आया कि वह लूणकरणसर एरिया का रहने वाला है। मंडी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में काफी आक्रोश थाद्ध। ऐसे में युवक को सं​दिग्ध समझते हुए उसकी पिटाई कर दी।