कस्बे के समीप से गुजर रहे एनएच-27 पर बांसखेड़ा के पास सड़क हादसा हो गया। मंगलवार रात करीब नौ बजे बाइक सवार 3 युवक कस्बे से अपने गांव सलैया जा रहे थे। रास्ते में सड़क पर अचानक आए मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आई। एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मदद की। ग्रामीणों के मुताबिक सबसे पहले मुंडियर टोल प्लाजा की एंबुलेंस को सूचना दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्रशासन ने ड्राइवर नहीं होने का बहाना बनाते हुए एंबुलेंस भेजने से मना कर दिया। बाद में टोल प्लाजा की एंबुलेंस पहुंची, लेकिन तब तक 108 एंबुलेंस घायलों तक पहुंच चुकी थी। घायल करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से केलवाड़ा अस्पताल भिजवाया गया। जहां से तीनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बारां रेफर कर दिया। चौकी प्रभारी लालबहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीनों युवक नाम-पता बताने की हालत में नहीं थे। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों में टोल प्लाजा की लापरवाही को लेकर रोष जताया है।