बाड़मेर | नेशनल हाईवे 25 पर उतरलाई बायपास की गोलाई में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सड़क हादसा हो गया। रॉग साइड से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे बाइक पर खड़े एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लोगों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार नागाणा निवासी रायसिंह (45) पुत्र सोनाराम प्राइवेट कंपनी में काम करता था। दोपहर में वह बाइक से अपने गांव नागाणा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उतरलाई बायपास की गोलाई पर वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी अचानक गलत दिशा से आई पिकअप ने उसे चपेट में ले लिया।