भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर शहर में एक साथ तीन दुपहिया वाहन चोरी के मामले सामने आए हैं। तीनों ही घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई है। तीनों वारदात रात 9:30 से 11 बजे के बीच अंजाम दी गई हैं। इसलिए यह आशंका है कि तीनों वारदात एक ही गैंग ने की हो सकती हैं। फिलहाल तीनों जांच अधिकारी अज्ञात आरोपी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। पहली चोरी 15 अप्रैल की रात 10:55 बजे एसपी ऑफिस के निकट प्रधान डाकघर के सामने से की गई। पीड़ित 17 ओ-ए निवासी रिपुदमन सिंह के परिवाद पर कोतवाली में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें परिवादी ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल आरजे 13-7680 की चोरी हो गई है। हैड कांस्टेबल रामकरण को जांच सौंपी गई है। घटनास्थल अभय कमांड सेंटर सहित अन्य सीसीटीवी कैमरों के नीचे है। दूसरी वारदात 17 अप्रैल की रात 9:33 बजे टांटिया अस्पताल के सामने से हुई। परिवादी नितिन जाट निवासी झुंझुनूं की बाइक आरजे 18 एसएस 2500 को अज्ञात आरोपी चुराकर ले गया। इसकी जांच एएसआई विनोद कुमार कस्वां को सौंपी गई है। तीसरी वारदात पुरानी आबादी में वार्ड 12 के स्कूल नंबर 7 के सामने से हुई। स्थानीय निवासी अमरजीत सिंह ने पुरानी आबादी थाने में परिवाद में बताया कि उसकी स्कूटी आरजे 13 क्यूएस 4016 को 19 अप्रैल की रात 10:15 बजे अज्ञात आरोपी चुराकर ले गया। तीनों घटनाओं का पता चोरी की रात की अगली सुबह चला। पुलिस ने 25 अप्रैल को मुकदमे दर्ज किए हैं। सूत्रों के अनुसार आरोपी पकड़ लिया है। इसके बाद आए हुए परिवादों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन चोरियों का खुलासा पुलिस जल्दी ही करेगी। क्योंकि तीनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल चुके हैं। इससे आरोपी की पहचान हो गई थी।