जोधपुर के बिलाड़ा कस्बे में कार में लॉक हुए 3 साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चा खेलते-खेलते पिता की अर्टिगा कार में बैठ गया था। गर्मी में करीब डेढ़ घंटे तक कार में बंद रहने के कारण उसका दम घुट गया। घटना बुधवार दोपहर की है। परिवार ने बताया कि घर में फंक्शन था। हादसे के कारण खुशियां मातम में बदल गई हैं। आस पड़ोस में ढूंढते रहे परिजन, कार में बेहोश मिला जानकारी के अनुसार कस्बे के पंचोलियों का बास निवासी विष्णु जांगिड़ का बेटा हितार्थ घर के पास खेल रहा था। परिजनों ने जब काफी देर तक बच्चे को नहीं देखा, तो उसे ढूंढना शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद घर के पास खड़ी कार पर उनका ध्यान गया। कार के अंदर हितार्थ बेहोश मिला। उसे तुरंत बिलाड़ा के ट्रोमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हितार्थ छोटे भाई के मुंडन के लिए आया था परिवार ने बताया कि विष्णु जांगिड़ परिवार सहित बेंगलुरु में रहते हैं। हितार्थ के छोटे भाई का मुंडन और नए घर में प्रवेश कार्यक्रम के लिए वे बच्चों के साथ गांव आए थे। जब हादसा हुआ, उस वक्त घर में कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही थीं। बिलाड़ा थाना पुलिस के अनुसार बच्चे की मौत को लेकर कोई शिकायत नहीं दी गई हे। कार में लॉक होने पर क्यों हो जाती है बच्चे की मौत? बंद कार में ज्यादा समय तक रहने पर एयरफ्लो बंद हो जाता है, जिससे कार के भीतर ऑक्सीजन लेवल कम होने लगता है। धीरे–धीरे कार में कार्बन डाईऑक्साइड का लेवल बढ़ने लगता है और ऑक्सीजन का लेवल कम होने लगता है। एक पॉइंट के बाद सांस लेना नामुमकिन हो जाता है और अंदर मौजूद व्यक्ति का दम घुटने लगता है। साथ ही गर्मी की वजह से कार के अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का लेवल भी बढ़ता है। इससे भी भीतर दम घुटने लगता है। इसके अलावा अगर कार धूप में खड़ी है और उसका एसी बंद है तो कुछ ही देर में अंदर का टेम्परेचर बाहर के मुकाबले करीब दोगुना हो सकता है। ऐसे में ओवरहीटिंग की वजह से भी दम घुट सकता है। बंद कार में 10 मिनट में ही बढ़ जाता है पारा धूप में बंद कार कुछ ही मिनटों में 'हीट चेंबर' बन सकती है। शीशा थोड़ा खुला हो, तब भी अंदर का तापमान तेजी से बढ़ता है। विशेषज्ञों के अनुसार, 10 मिनट में ही कार के अंदर का तापमान करीब 11 डिग्री तक बढ़ सकता है। बच्चों के लिए यह स्थिति और खतरनाक होती है, क्योंकि उनका शरीर बड़ो की तुलना में गर्मी से जल्दी प्रभावित होता है। …. ये खबर भी पढ़ें खेलते-खेलते गड्‌ढे में गिरी बच्ची,ऊपर मशीन से डालते रहे रोड़ी:दम घुटने से मौत हुई, बेटी के शव को सीने से लगाकर रोता रहा पिता खैरथल-तिजारा में क्रेशर में पत्थर कटिंग के दौरान 4 साल की बच्ची 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। इस दौरान मशीन चलाने वाले ने उसके ऊपर रोड़ी डाल दी। दम घुटने से बच्ची की मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)