जालोर के बिशनगढ़ थाना पुलिस ने स्विफ्ट कार से 4 बोरों में भरा 244.75 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने सोमवार दोपहर बिशनगढ़ थाने के सामने जालोर-बिशनगढ़ रोड पर नाकाबंदी के दौरान कार को रुकवाकर तलाशी ली। इस दौरान कार से डोडा पोस्त बरामद होने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया। दोनों से डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। थाने के सामने नाकाबंदी में पकड़ी कार जिले में चल रहे धरपकड़ अभियान के तहत थानाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार दोपहर बिशनगढ़ थाने के सामने जालोर-बिशनगढ़ रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। कार के अंदर 4 बोरों में भरकर रखा 244.75 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। दो आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त पुलिस ने मामले में बालोतरा जिले के करणा निवासी दलाराम (20) पुत्र बाबूलाल जाट और गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के आलपुरा निवासी वालाराम (28) पुत्र पुनमाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त की गई। सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उनसे डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।