प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में जीत दर्ज करने पर भीलवाड़ा में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सूचना केंद्र चौराहे पर जुटे और एक- दूसरे को बंगाली मिठाई और झालमुडी खिलाकर खुशी जताई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाए और DJ पर डांस किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के कुशासन, हिंसा और तानाशाही की नींव पर बना दुर्ग ढह गया है। मां दुर्गा की आरती की जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि भाजपाइयों ने इस अवसर पर मां दुर्गा की भव्य आरती उतारी। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक मां के चरणों में शीश नवाया और बंगाल की पवित्र भूमि पर मिली इस सफलता को साक्षात 'दैवीय आशीर्वाद' के रूप में स्वीकार किया। माता- बहनों के सम्मान की जीत बताया जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि बंगाल में भाजपा की यह जीत केवल सीटों की जीत नहीं है, बल्कि यह उन लाखों माताओं और बहनों के सम्मान और स्वाभिमान की जीत है, जिन्हें बंगाल में ममता शासन के दौरान अपमानित होना पड़ा था। उन्होंने इस जीत को 'नारी शक्ति' के संघर्ष की विजय बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी की। झालमुडी की स्टॉल, बंगाली मिठाई से कराया मुंह मीठा विजयोत्सव के दौरान भाजपाइयों ने झालमुड़ी की स्टॉल लगाई। जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों ने स्वयं अपने हाथों से बंगाली समाज के पुरुष, महिलाओं, कार्यकर्ताओं और राहगीरों को बंगाल का यह प्रसिद्ध पारंपरिक अल्पाहार वितरित किया। साथ ही बंगाली मिठाइयों से एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत की खुशियां साझा की गईं। बंगाली ड्रेस में पहुंचे कार्यकर्ता, ढोल-नगाड़ों पर नाचे जश्न के दौरान कार्यकर्ता बंगाली ड्रेस में पहुंचे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर डांस किया। इस दौरान DJ पर देश भक्ति गीत बजे और भारत माता जयकारे लगे। इनकी रही मौजूदगी इस अवसर पर प्रहलाद त्रिपाठी, विशाल गुरुजी, गोपाल तेली, कल्पेश चौधरी, मंजू चेचाणी, ललिता कंवर, आरती कोगटा, सुरेंद्र सिंह मोटरास, ललित अग्रवाल, मनोज बुलानी, शशांक बिड़ला, भूपेंद्र सिंह बिलिया, अनिल सिंह जादौन, अभिश्रुता सोलंकी, आकाश मालावत, भगवतसिंह खैराबाद, विजय पोखरना, ऋतुशेखर शर्मा, नागेन्द्र सिंह, मुकेश सोनी सहित बड़ी संख्याम में कार्यकर्ता मौजूद रहे।