टोंक| नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम में मां भगवती की आराधना, मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से सराबोर रहा। आश्रम में श्रद्धा के साथ मां भगवती का पूजन-अर्चन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य आश्रम पहुंचे और सद्गुरु पं. राजकुमार शर्मा से आशीर्वाद लिया। उन्होंने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर राष्ट्र कल्याण और जनकल्याण की कामना की। नवरात्रि के पावन अवसर पर मां की आराधना में लीन श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, शांति और सद्भाव की प्रार्थना की। धार्मिक अनुष्ठानों और भक्तिमय वातावरण के बीच आश्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था का संगम दिखाई दिया। मां के जयकारों और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम में नवरात्रि का यह दिन मां भगवती के प्रति समर्पण और गुरु-सानिध्य में आध्यात्मिक शांति प्राप्त करने का अवसर बना। श्रद्धालुओं ने मां से सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल की कामना की।