बाड़मेर | भारत-पाक बॉर्डर पर 50 किमी. एरिया में अवैध अतिक्रमणों के तहत धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई के बाद आरएलपी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल एक दिवसीय बाड़मेर दौरे पर रहे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार, राज्य की भजनलाल सरकार और कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमले किए। बेनीवाल ने दावा किया कि अगर सरकार का यही रवैया रहा, तो आगामी चुनावों में बीजेपी 11 से 21 सीटों के बीच सिमटकर रह जाएगी। बेनीवाल ने कहा कि पीएम मोदी का देश में क्रेज खत्म हो गया है। मोदी और अमित शाह ने देश में अघोषित इमरजेंसी लगा दी है। यहां आवाज उठाने वालों के पीछे ईडी-सीबीआई लगा दी जाती है। बेनीवाल के अनुसार, बीजेपी अब कांग्रेस को तीसरे नंबर की पार्टी मानती है। आरएलपी को अपना सबसे बड़ा राजनीतिक दुश्मन समझती है। इसी वजह से उनके कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज करवाए जा रहे हैं।