भाजपा ने सीकर, जालोर, दौसा और करौली जिला परिषद के प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। सीकर जिला परिषद के 49 वार्डों में 48 में उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। DIG लॉ एंड ऑर्डर जयपुर अरशद अली की पत्नी जरीना बानो को वार्ड नंबर 47 से टिकट दिया है, जबकि वार्ड नंबर 18 से पूर्व जिला अध्यक्ष इंदिरा चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। जालोर जिला परिषद के 43 में से 42 वार्डों में प्रत्याशी घोषित किए हैं, जबकि वार्ड नंबर 6 में अभी उम्मीदवार तय नहीं हुआ है। पार्टी ने वार्ड नंबर 13 से दानाराम चौधरी को टिकट दिया है। दानाराम 2023 में सांचौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। करौली में 35 में से 29 वार्डों में उम्मीदवार घोषित किए हैं, 6 वार्डों में अभी प्रत्याशी तय नहीं हुए हैं। पूर्व विधायक रमेश चंद मीना को वार्ड नंबर 1 और उनकी पत्नी कैलाशी देवी को वार्ड नंबर 4 से उम्मीदवार बनाया है। दौसा में 37 वार्डों में से 30 वार्डों के प्रत्याशियों की घोषणा की है। 7 वार्डों में उम्मीदवार अभी तय नहीं हुए हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की लिस्ट जारी होने के बाद बचे वार्डों के उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। पूर्व उप जिला प्रमुख और एडवोकेट की पत्नी को भी बनाया उम्मीदवार भाजपा ने सीकर में जिला परिषद के वार्ड 44 से पूर्व उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल को उम्मीदवार बनाया है। ताराचंद धायल पिछली बार भाजपा के टिकट पर जीतकर उप जिला प्रमुख बने थे। 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट मांगा था। पार्टी ने टिकट नहीं दिया तोबगावत करके निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हालांकि धायल तीसरे नंबर पर रहे थे। बाद में दोबारा पार्टी में शामिल हो गए। वार्ड नंबर 42 से नीलम शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। नीलम शर्मा एडवोकेट संदीप दीक्षित की पत्नी है। संदीप हाल ही में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य का चुनाव लड़ चुके हैं। 2015-16 में ABVP से सीकर लॉ कॉलेज के अध्यक्ष भी रहे। विधानसभा चुनाव में हारे दानाराम चौधरी को बनाया प्रत्याशी जालोर में भाजपा ने वार्ड नंबर 13 (सांचौर) से दानाराम चौधरी को टिकट दिया है। दानाराम 2023 में सांचौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। उनको निर्दलीय प्रत्याशी जीवाराम चौधरी से हार मिली थी। दानाराम चौधरी को जिला प्रमुख पद का भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है। पार्टी ने वार्ड नंबर 33 से हवन कंवर को टिकट दिया है। हवन कंवर बूथ उपाध्यक्ष और पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। करौली जिला परिषद के 29 वार्डों में उम्मीदवार घोषित भाजपा ने टोडाभीम के पूर्व विधायक रमेश चंद मीना को वार्ड नंबर 1 से जिला परिषद सदस्य का टिकट दिया है। वहीं उनकी पत्नी कैलाशी देवी को वार्ड नंबर 4 से उम्मीदवार बनाया है। रमेश चंद मीना 2009 में हुए उपचुनाव में जीतकर विधायक बने थे। मीना ने 1998 में भाजपा के टिकट पर सवाई माधोपुर से सांसद का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गए थे। रमेश मीणा की पत्नी कैलाशी देवी ने 2001 में जिला परिषद सदस्य बनी थीं। जिला प्रमुख का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन 3 वोट से हार गई थीं। कैलाशी देवी ने एसटी मोर्चा और महिला मोर्चा में मंडल और जिला स्तर पर काम किया है। मंत्री की करीबी जिला उपाध्यक्ष को मिला टिकट भाजपा ने दौसा जिला उपाध्यक्ष मंजू लता जाटव को वार्ड 27 से टिकट दिया है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और महवा विधायक राजेंद्र मीणा की करीबी हैं। वार्ड 19 से मधु मेहरा को प्रत्याशी बनाया गया है। उनके पति शिवचरण मेहरा सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल के करीबी हैं। मधु मेहरा रामदेव मंदिर समिति की अध्यक्ष भी हैं। विधायक पद के दावेदार रहे ललित बैरवा की पत्नी शीला देवी को वार्ड 18 से टिकट दिया गया है। ललित बैरवा अखिल बैरवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पिछले चुनावों में वर्तमान भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल के साथ पार्टी से दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिला था। अब इनकी पत्नी को जिला परिषद सदस्य के लिए टिकट दिया गया है। 7 जिला परिषदों में कल नामांकन का आखिरी दिन 7 जिला परिषदों में बांसवाड़ा, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, जालोर, झुंझुनूं, करौली और सीकर में चुनाव की प्रक्रिया दूसरे फेज से शुरू हुई है। यहां 13 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई है। 16 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है। नाम वापसी की आखिरी तारीख 19 अक्टूबर है। 37 जिलों में जिला प्रमुख और प्रधान का चुनाव 37 जिलों में 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान का चुनाव होगा। 26 नवंबर को उपजिला प्रमुख और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव होगा। कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली में प्रमुख और प्रधानों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा। यहां जिला प्रमुख और प्रधान का चुनाव बाद में होगा। हालांकि जिला परिषद के मेंबर और पंचायत समिति मेंबर के चुनाव अन्य जिलों के साथ ही होंगे। ये खबरें भी पढ़ें भाजपा ने जयपुर की पूर्व जिला-प्रमुख को फिर दिया टिकट:सीएम के करीबी को भी मैदान में उतारा, 31 महिला उम्मीदवार; देखें- जिला परिषद के प्रत्याशियों की लिस्ट कांग्रेस की उदयपुर जिला परिषद के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी:पूर्व विधायक के भांजे, देहात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को मैदान में उतारा; देखें- किसे मिला टिकट राजस्थान में पंचायत चुनावों की तारीखें बदलीं:धनतेरस को नहीं होगी वोटिंग, तीन चरणों के कार्यक्रम में बदलाव, देखें- पूरा शेड्यूल