बूंदी के देई थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में 5 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ननिहाल से लौटते समय हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, भागरवाड़ी निवासी रामसागर मीणा अपनी पत्नी रिंकू बाई और 5 साल के बेटे आयुष के साथ बाइक से नंदपुरा गांव स्थित पत्नी के ननिहाल गए थे। दोपहर में तीनों वापस भागरवाड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान नैनवां मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण कि मासूम ने मौके पर तोड़ा दम हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामसागर और रिंकू बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी घटना के बाद आसपास के लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल दंपति को बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। कार जब्त, फरार ड्राइवर की तलाश सूचना मिलते ही देई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी की तलाश और मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।