देशभर में पेपर लीक को लेकर उठे विवाद के बाद राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) भर्ती परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में है। आयोग के चेयरमैन कर्नल केसरी सिंह रविवार को जयपुर में जूनियर लॉ ऑफिसर (JLO) भर्ती परीक्षा के दौरान पहली बार खुद चार एग्जाम सेंटर पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि अक्टूबर 2023 में पदभार संभालने के बाद से राजस्थान में आयोग की किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। भविष्य में भी राजस्थान में पेपर लीक नहीं होने देंगे। JLO भर्ती परीक्षा जयपुर के 53 केंद्रों पर हो रही है। 12 पदों के लिए 13,245 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। परीक्षा दो दिन (रविवार और सोमवार को) आयोजित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान केसरी सिंह से भास्कर ने खास बात की। सवाल: आप खुद परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं, इसकी वजह? कर्नल केसरी सिंह: जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से परीक्षा का बेहतर आयोजन किया जा रहा है। मैं स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहा हूं ताकि यदि कहीं कोई छोटी-मोटी कमी या तकनीकी खामी हो तो उसे तुरंत दूर किया जा सके। हमारा उद्देश्य है कि हर अभ्यर्थी निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में परीक्षा दे सके। इसलिए व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सवाल: देश में पेपर लीक को लेकर लगातार विवाद हो रहे हैं। RPSC का भी पहले रिकॉर्ड सवालों के घेरे में रहा है। भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए आपकी क्या तैयारी है? कर्नल केसरी सिंह: मैंने अक्टूबर 2023 में आयोग की जिम्मेदारी संभाली थी। उसके बाद से अब तक राजस्थान में आयोग की किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि शीर्ष नेतृत्व की इच्छाशक्ति और हमें मिले सहयोग के दम पर राजस्थान में तो पेपर लीक नहीं होने देंगे। हमारी पूरी टीम इसी लक्ष्य के साथ काम कर रही है। सवाल: RPSC ऐसा क्या नया कर रहा है, जिससे अभ्यर्थियों को सीधे फायदा मिलेगा? कर्नल केसरी सिंह: आयोग के अंदर कई बड़े बदलाव किए गए हैं। शीर्ष नेतृत्व की मंशा साफ है कि किसी भी प्रकार की गलती या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी सोच के साथ हम परीक्षा व्यवस्था को लगातार बेहतर बना रहे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। कई अधिकारी और कर्मचारी अपनी छुट्टी के दिन भी अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रहे हैं। मैं सभी अभ्यर्थियों से अपील करूंगा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद इन कर्मचारियों का धन्यवाद जरूर करें, क्योंकि उनकी मेहनत से ही निष्पक्ष परीक्षा संभव हो पा रही है। सवाल: पेपर लीक रोकने के साथ-साथ समय पर परीक्षा, रिजल्ट और नियुक्ति को लेकर क्या प्लानिंग है? कर्नल केसरी सिंह: आप इस बात को रिकॉर्ड पर ले लीजिए कि राजस्थान में अब पेपर लीक नहीं होने देंगे। हालांकि पेपर लीक कराने वाले माफिया और गिरोह अब ब्लूटूथ, माइक्रो डिवाइस और अन्य आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। इसे देखते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग हर सात दिन में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करता है। संभावित कमजोरियों की पहले से पहचान कर उन्हें दूर किया जाता है। हमारी कोशिश सिर्फ पेपर लीक रोकना नहीं, बल्कि पूरी भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है। ताकि परीक्षाएं समय पर हों, परिणाम जल्द आएं और चयनित अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति मिल सके। रिजल्ट भी जल्द जारी करेंगे केसरी सिंह ने जयपुर में माणक चौक, झोटवाड़ा, गांधीनगर और गणगौरी बाजार स्थित सरकारी स्कूल में निरीक्षण किया। आयोग चेयरमैन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम भी जल्द जारी करने का प्रयास किया जाएगा। पेपर लीक को लेकर देशभर में बनी संवेदनशील परिस्थितियों के बीच RPSC चेयरमैन का खुद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण करना और सार्वजनिक रूप से पेपर लीक नहीं होने की गारंटी देना अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। … ये खबर भी पढ़िए RPSC अध्यक्ष ने इन्टरनल ऑडिट कराकर तैयार किया रोड-मैप:दूर होंगी कमियां, बनेगा मजबूत सुरक्षित सिस्टम, AI से कॉपी की जांच होगी राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) प्रशासन ने गोपनीयता व पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक नया रोड मैप तैयार कर लिया है। इसमें मानवीय-भौतिक संसाधन के साथ अत्याधुनिक तकनीक का भी पूरा उपयोग होगा। (पढ़िए पूरी खबर)