कोटा में बिजली विभाग के AEN ने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गोपाल कृष्ण (50) के रूप में हुई है। वे बूंदी में बिजली विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर पद पर कार्यरत थे। वहीं कोटा के डडवाड़ा इलाके में रहते थे। घटना शहर के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र के डडवाड़ा इलाके में मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। भीमगंजमंडी थाने के एएसआई हरदेव सिंह ने बताया- गोपाल कृष्ण ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक परिजनों ने बॉडी को उतार लिया था। इसके बाद एमबीएस अस्पताल बॉडी को लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पत्नी फर्स्ट ग्रेड टीचर भीमगंजमंडी थाने के एएसआई हरदेव सिंह ने बताया- जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, लेकिन उसमें किसी व्यक्ति पर आरोप या आत्महत्या के कारण का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पारिवारिक जानकारी के अनुसार- गोपाल कृष्ण दिनभर अपने कमरे में थे। शाम 7 बजे तक बाहर नहीं आए तो परिजनों ने देखा तो घटना का पता चला। वहीं गोपाल कृष्ण की एक बेटी है। उनकी पत्नी जयपुर में फर्स्ट ग्रेड टीचर के पद पर कार्यरत हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।