बूंदी, उप-क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय और गवर्नमेंट कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में 29 अप्रैल को एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर गवर्नमेंट कॉलेज परिसर स्थित पुस्तकालय भवन के ऊपर बने सेमिनार हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा। उप-क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक भैरू प्रकाश नागर ने बताया कि इस प्लेसमेंट ड्राइव में राज्य और राज्य के बाहर की कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही बेरोजगार युवाओं का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता के अनुसार चयन करेंगे। इसके अतिरिक्त राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (RSLDC) और अन्य कौशल प्रशिक्षण संस्थानों द्वारा भी रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। शिविर में आने वाले उम्मीदवारों को विशेषज्ञों द्वारा उनके बेहतर भविष्य के लिए व्यावसायिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। नागर ने बताया कि शिविर में आने वाली निजी कंपनियां मुख्य रूप से टेक्नीशियन, फील्ड ऑफिसर, सेल्स मैनेजर और टेक्निकल ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन करेंगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई पास होना अनिवार्य है। कंप्यूटर की बेसिक जानकारी रखने वाले युवाओं को भी अवसर मिलेंगे। आवेदन के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।्र क्यूआर कोड (QR Code) से होगा पंजीकरण सहायक निदेशक ने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए आशार्थी ऑनलाइन क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं, जो युवा पहले से पंजीकरण नहीं कर पाए हैं, वे सीधे शिविर स्थल पर पहुंचकर भी क्यूआर कोड स्कैन कर अपना मौके पर पंजीकरण कर सकते हैं। उन्‍होंने बताया कि रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ सभी शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, उनकी फोटोकॉपी और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर शिविर में पहुंचना होगा। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शिविर में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।