वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा ने बूंदी जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वन मंडल, बूंदी की हिंडोली रेंज स्थित चतरगंज नर्सरी का निरीक्षण किया। मंत्री ने राज्य सरकार की प्रमुख योजना "मिशन हरियालो राजस्थान" की तैयारियों की समीक्षा की और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री शर्मा ने मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप नर्सरी में तैयार किए जा रहे फलदार पौधों की तैयारियों की सराहना की। इनमें आम, जामुन, बेलपत्र, कटहल, चीकू और आंवला जैसे पौधे शामिल हैं। उन्होंने जिले में "हरियालो राजस्थान" की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। अपने दौरे के दौरान, मंत्री ने नर्सरी परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत गूलर प्रजाति का एक पौधा भी रोपा। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर उप वन संरक्षक बूंदी डॉ. ए. एन. गुप्ता, सहायक वन संरक्षक देवेंद्र सिंह गुर्जर और नितिन कुमार सैनी, क्षेत्रीय वन अधिकारी शिव प्रकाश चौधरी सहित वन मंडल बूंदी के कई वनकर्मी उपस्थित थे। दौरे से पहले, मंत्री संजय शर्मा ने भाजपा के जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा और कांग्रेस के पूर्व विधायक व पूर्व सांसद रामनारायण मीणा से भी भेंट की।