बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने नवनियुक्त जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर आरयूआईडीपी (RUIDP) के तहत स्वीकृत जेतसागर नाला निर्माण और पेयजल योजना के नवीनीकरण कार्यों की प्रगति समीक्षा के लिए तत्काल बैठक बुलाने का आग्रह किया है। विधायक शर्मा ने बताया कि पूर्व में भी इस संबंध में तत्कालीन जिला कलेक्टर को पत्र लिखा गया था, लेकिन उनके ट्रांसफर के कारण बैठक नहीं हो पाई थी। 2 साल में भी पूरे नहीं हुए नाला निर्माण और पेयजल योजना के काम विधायक शर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि आरयूआईडीपी के तहत जेतसागर नाला निर्माण के लिए 56 करोड़ रुपए और बूंदी की पेयजल व्यवस्था के नवीनीकरण के लिए 36 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति और कार्य आदेश जारी किए जा चुके हैं। ये दोनों कार्य शुरू भी हो गए थे। हालांकि 2 साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी ये कार्य पूरे नहीं हुए हैं। वर्तमान में दोनों कार्यों की गति धीमी है। विधायक को यह भी जानकारी मिली है कि जेतसागर नाला निर्माण कार्य फिलहाल बंद पड़ा है। उन्होंने वर्षा ऋतु से पहले नाले का निर्माण कार्य पूरा करने पर जोर दिया। नाला निर्माण पूरा नहीं होने से लोग परेशान शर्मा ने बताया कि लंबे समय से इन दोनों कार्यों की प्रगति की समीक्षा नहीं की गई है। अधूरे नाला निर्माण के कारण संबंधित क्षेत्र की बस्तियों की पुलियाएं टूट गई हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। कब्रिस्तान जाने वाली पुलिया टूटने से भी लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व की बैठक में जेतसागर और नवलसागर से शहर के मुख्य बाजारों में आने वाले पानी को नाले में मिलाने का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था, लेकिन उस पर भी कोई निर्णय नहीं हुआ है। विधायक ने कहा कि पेयजल योजना का समय पर पूरा न होना आगामी गर्मी में जल संकट का कारण बन सकता है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने दोनों ही कार्यों की प्रगति की तत्काल समीक्षा करने की आवश्यकता पर बल दिया है।