बूंदी के लाखेरी क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। नयापुरा निवासी रामदेव डगोरिया का कुछ दिन पहले अंतिम संस्कार किया गया था। परिजनों के अनुसार, जब वे 'तीये' की रस्म के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो उन्हें रामदेव डगोरिया की अस्थियां गायब मिलीं। अस्थियां नहीं मिलने पर परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने तत्काल लाखेरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों का जल्द पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।