बूंदी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत कार्यवाहक जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा ने आमजन की परिवेदनाएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इस जनसुनवाई में कुल 25 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें कचरा निस्तारण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत गेहूं वितरण, सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने, सरकारी दस्तावेजों में नाम सही करवाने, बिजली पोल हटवाने और सड़क मरम्मत जैसी विभिन्न जन समस्याएं शामिल थीं। कार्यवाहक जिला कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को तत्काल राहत मिल सके। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी उपखण्ड अधिकारी और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन प्रकरणों का शीघ्रता से निस्तारण किया जाए। इस जनसुनवाई में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसवीर मीणा, उपखंड अधिकारी बूंदी लक्ष्मीकांत मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।