बूंदी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 50 दिवसीय काउंटडाउन की शुरुआत हो गई है। रविवार को श्री ईश्वरी सिंह खेल संकुल में आयोजित योग सत्र के साथ "योग एवं निरोगी बूंदी महाअभियान" का आगाज हुआ। इस अवसर पर जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने योग साधकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। जिला कलेक्टर यादव ने इस दौरान जन-जन को योग से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय जीवन पद्धति की एक अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को संतुलित, स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी इससे जोड़ें, ताकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सके। आयुर्वेद विभाग के पीएमओ व पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुशवाह ने बताया कि "योग एवं निरोगी बूंदी महाअभियान" 19 जुलाई, 2024 से अनवरत जारी है। इस अभियान के तहत अब तक हजारों लोग योगाभ्यास के माध्यम से लाभान्वित हो चुके हैं। योग एवं प्राकृतिक चिकित्साधिकारी डॉ. विमला परमार के निर्देशन में योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने साधकों को व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया। इस सत्र में खड़े होकर, बैठकर, सीधे लेटकर और उल्टे लेटकर किए जाने वाले विभिन्न आसनों के साथ कपालभाति और अनुलोम-विलोम प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। सत्र के दौरान अनुशासन, एकाग्रता और ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला। डॉ. परमार ने जानकारी दी कि आयुर्वेद विभाग द्वारा योग दिवस तक जिलेभर में निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम, योग शिविर और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अंत में, उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस 50 दिवसीय काउंटडाउन के दौरान आयोजित होने वाली योग गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने और योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।