कोटा शहर में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के बोरखंडी पुलिया के ऊपर अज्ञात वाहन ने इलेक्ट्रिक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवकरण पंकज (47) निवासी ताथेड, तहसील लाडपुरा, जिला कोटा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार देवकरण रोजाना की तरह रात में ऑटो चलाने कोटा शहर आए थे। देर रात तक सवारी चलाने के बाद मंगलवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोरखंडी पुलिया के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।घटना की सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बोरखेड़ा थाने के एएसआई करतार सिंह ने बताया कि सुबह 5:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर चालक ऑटो के अंदर फंसा हुआ मिला। पुलिस टीम ने सरियों की मदद से ऑटो को सीधा कर चालक को बाहर निकाला और तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर देवकरण को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। मृतक के बेटे अजय पंकज ने बताया कि उनके पिता रोजाना मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार रात भी वह काम पर निकले थे, लेकिन सुबह हादसे की खबर मिली। परिवार में हादसे के बाद शोक का माहौल है। बोरखेड़ा थाने के एएसआई करतार सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।