ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित भगवान परशुराम जन्म महोत्सव मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुआ। देशवाली ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा और संयोजक हंसराज शर्मा ने भगवान परशुराम का विधिवत पूजन कर छह दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महोत्सव के पहले दिन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में चाणक्य इलेवन, ब्रह्म शक्ति, रुद्र इलेवन, वैदिक टाइटन्स, परशुराम वॉरियर्स और ब्राह्मण रॉयल्स किंग्स सहित कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन कुल छह मुकाबले खेले गए। इसका फाइनल मुकाबला बुधवार को आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के प्रभारी कुंजबिहारी शर्मा, जितेश शर्मा और संदीप पारीक ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस दौरान सह संयोजक सुमित सारस्वत, मुकेश शर्मा, धीरज शर्मा और संजय पाराशर सहित अनेक सदस्यों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल बना हुआ है। महोत्सव के अंतर्गत बुधवार दोपहर से केसरीनंदन गार्डन में बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें बॉल गेम्स, स्किल गेम्स, विविध वेशभूषा, मिमिक्री, नृत्य और गायन शामिल हैं। वहीं, गुरुवार को महिलाओं के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।