हैदराबाद में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन का एक सदस्य भी शामिल है। इन पर आरोप है कि वे भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले चौथे T20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैच के कॉम्प्लिमेंट्री टिकट ब्लैक मार्केट में बहुत ज़्यादा कीमत पर बेच रहे थे। गोशामहल पुलिस स्टेशन के एक ASI की 12 अक्टूबर की शिकायत के आधार पर जिन्हें बेगम बाज़ार में कॉम्प्लिमेंट्री टिकटों की अवैध बिक्री के बारे में जानकारी मिली थी। पुलिस ने अविनाश दराक और मोहित सोमानी को पकड़ा। उनके पास से क्रिकेट मैच के 11 कॉम्प्लिमेंट्री टिकट मिले, जिन पर 'नॉट फॉर सेल' लिखा था। आज की बाकी बड़ी खबरें… मोदी ने कनाडाई PM कार्नी से बातचीत की, दोनों देशों व्यापार-ऊर्जा और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर साथ काम करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी व सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ठोस नतीजे हासिल करने पर सहमति जताई। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि कार्नी के साथ बातचीत अच्छी और उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा मिलकर दुनिया को ज्यादा स्थिर और समृद्ध बनाने में योगदान दे रहे हैं। दोनों देशों के बीच पिछले कुछ वर्षों में तनाव रहा है। ऐसे में यह बातचीत द्विपक्षीय रिश्तों को बेहतर बनाने की कोशिश के तौर पर अहम है। हालांकि, बातचीत के बाद किसी नए समझौते या फैसले की घोषणा नहीं की गई। दिल्ली प्रदर्शन को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर 4 FIR, पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट भी जांच के दायरे में दिल्ली पुलिस ने राजधानी में हुए प्रदर्शनों को लेकर कथित तौर पर झूठी खबरें और अफवाहें फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ चार FIR दर्ज की हैं। पुलिस के मुताबिक, कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट भी जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन अकाउंट्स पर भ्रामक जानकारी फैलाने, भारत विरोधी माहौल बनाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 10 अक्टूबर को कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान कई लोगों की मौत होने के कथित झूठे दावे भी किए थे। पुलिस इन पोस्ट और अकाउंट्स की जांच कर रही है। गांधीनगर नगर निगम चुनाव के नतीजे घोषित, भाजपा ने 44 में से 38, कांग्रेस ने 5 और निर्दलीय ने एक सीट जीती गांधीनगर नगर निगम चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। 11 वार्डों की 44 सीटों में से भाजपा को 38, कांग्रेस को 5 और निर्दलीय उम्मीदवार को 1 सीट मिली है। इसके साथ ही भाजपा ने लगातार तीसरी बार नगर निगम पर कब्जा कर लिया है। 2021 में AAP को 1 सीट जीतकर अपना खाता खोला था। वहीं, कांग्रेस को 2 सीटें मिली थीं। इस बार AAP का खाता नहीं खुल सका है। वहीं कांग्रेस ने 3 सीटें जीतकर एक सीट का इजाफा कर लिया है। इस बार औसतन 59.25% मतदान हुआ। कुल 2,59,985 मतदाताओं में से 1,54,045 ने वोट डाला। भाजपा ने अधिकांश वार्डों में अपना दबदबा बरकरार रखा है। वार्ड संख्या 1, 3, 4, 5, 8, 9, 10 और 11 में भाजपा ने सभी 4 सीटें जीतकर क्लीन स्वीप किया है। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल के खिलाफ की सुनवाई रोकी, महाराष्ट्र सरकार को नोटिस सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस की सुनवाई पर रोक लगा दी। यह केस 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए बयानों से जुड़ा है। मामला महाराष्ट्र की ट्रायल कोर्ट में चल रहा था। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने महाराष्ट्र सरकार और शिकायतकर्ता एमएच श्रीश्रीमल को नोटिस जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़, AK-47 और 6 ग्रेनेड बरामद जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों ने सुरनकोट के सजवान सेक्टर के सथरबन इलाके में एक आतंकी ठिकाने का पता लगाया। सेना की रोमियो फोर्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर यह अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक प्राकृतिक गुफा से AK-47 राइफल, 30 कारतूस, 6 ग्रेनेड और मेडिकल उपकरण बरामद किए गए। बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इंडियन आर्मी ने डिफेंस फोर्सेज के लिए भारत राइस लॉन्च किया, सैनिकों के मिले फीडबैक के बाद तैयार हुआ इंडियन आर्मी ने सोमवार को डिफेंस फोर्सेज़ के लिए भारत राइस लॉन्च किया। यह एक बढ़िया क्वालिटी का चावल है, जिसका मकसद राशन की क्वालिटी को बेहतर बनाना है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सप्लाईज एंड ट्रांसपोर्ट की अगुवाई में, यह पहल सैनिकों से लगातार मिल रहे फीडबैक पर आधारित है। चावल को तय डिफेंस स्पेसिफिकेशन्स के हिसाब से मिल किया जाएगा और फाइनेंशियल ईयर 2026-27 के दौरान NAFED के जरिए सप्लाई किया जाएगा।
डिफेंस मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा कि इसकी जरूरी क्वालिटी-कंट्रोल चेकिंग की जाएगी और यह बाहरी चीजों और गंदगी से मुक्त होगा, साथ ही इसमें कम से कम टूटे, खराब और रंगहीन दाने होंगे। IAF चीफ एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वदेशी तेजस में आखिरी बार उड़ान भरी IAF चीफ एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह, जो इस महीने के आखिर में रिटायर होने वाले हैं, ने स्वदेशी तेजस में अपनी आखिरी फाइटर जेट सॉर्टी भरी। देर रात X पर किए गए एक पोस्ट में, भारतीय वायु सेना ने कहा कि जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर 'एक्सरसाइज तरंग शक्ति' के दौरान भरी गई यह सॉर्टी एक ऐसे फाइटर पायलट की भावना को दिखाती है, जिसने हमेशा आगे रहकर नेतृत्व करने में विश्वास किया है। वायु सेना ने उनकी सॉर्टी का एक वीडियो और एक्सरसाइज के दौरान मित्र देशों के विमानों और सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के साथ उड़ान भरते हुए उनकी तस्वीरें भी शेयर कीं। सिंह 31 अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं।