लद्दाख की प्राचीन धरोहर को संरक्षित करने के लिए लेह में सिंधु नदी के किनारे देश का पहला पेट्रोग्लिफ कंजर्वेशन पार्क बनाया जाएगा। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इसका शिलान्यास विश्व धरोहर दिवस के मौके पर किया। पेट्रोग्लिफ प्रागैतिहासिक चित्र और प्रतीक होते हैं, जिन्हें पत्थरों की सतह पर उकेरा जाता है। लद्दाख में ऐसे करीब 400 स्थल हैं, जहां ये शैलचित्र पाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अनियंत्रित पर्यटन, तेजी से हो रहे निर्माण कार्य और जागरूकता की कमी के कारण ये धरोहर खतरे में हैं। खासकर सिंधु और जांस्कर नदियों के किनारे स्थित अकेले पेट्रोग्लिफ्स ज्यादा जोखिम में हैं। इस पार्क में इन शैलचित्रों को सुरक्षित स्थान पर लाकर संरक्षित किया जाएगा और पर्यटकों के लिए प्रदर्शित भी किया जाएगा। परियोजना के तहत पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग और राज्य के संबंधित विभाग के बीच समझौता भी किया गया है। उपराज्यपाल ने कहा कि यह पहल लद्दाख की प्राचीन कला और इतिहास को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की दिशा में अहम कदम है। आज की अन्य बड़ी खबरें… केरल में RSS-BJP नेताओं पर हुए बम हमले के मामले में 10 लोगों को सजा, मुख्य आरोपी को 25 साल जेल केरल के कन्नूर में 2011 में RSS-BJP नेताओं पर हुए बम हमले के मामले में सेशन कोर्ट ने CPI(M) के 10 नेताओं को सजा सुनाई है। इनमें मुख्य आरोपी टीवी बीनू को 25 साल की जेल हुई, क्योंकि उसी ने बम फेंका था। बाकी 9 आरोपियों को 10-10 साल की सजा दी गई है और सभी पर 2.6 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। इस हमले में 30 लोग गाड़ी में थे, जिनमें से 9 गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मोदी कैबिनेट ने रेलवे-इंश्योरेंस समेत 5 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी, DA बढ़ाने का ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने शनिवार को 5 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी। मीटिंग में को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अब यह बढ़कर 58% से 60% हो गया है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। रेलवे के 24,815 करोड़ रुपए के दो बड़े मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स में गाजियाबाद-सीतापुर और राजमुंदरी-विशाखापट्टनम रूट शामिल हैं। केंद्र सरकार ने बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच समुद्री व्यापार को सुरक्षित रखने के लिए 12,980 करोड़ रुपए के ‘भारत मैरिटाइम इंश्योरेंस पूल’ को मंजूरी दी है। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए 83,977 करोड़ रुपए का ऐलान किया है। सोनिया गांधी वोटर लिस्ट केस- कोर्ट ने पूछा इतना पुराना मामला है, अब जांच किसके खिलाफ होगी दिल्ली की राऊज एवेन्यु कोर्ट में शनिवार को सोनिया गांधी के वोटर लिस्ट से जुड़े मामले पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने दोनों पक्षों से कहा है कि वे एक हफ्ते के अंदर अपनी लिखित दलीलें जमा करें। अगली सुनवाई 16 मई को होगी। मामले से जुड़े शिकायतकर्ता विकास त्रिपाठी का आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में वोटर लिस्ट में जुड़ गया था। जबकि वे 1983 में भारतीय नागरिक बनीं। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा- अगर 1980 में नाम जुड़ा और 1983 में नागरिकता मिली, तो इसे कैसे समझाया जाएगा। इतना पुराना मामला है, अब जांच किसके खिलाफ होगी? पुंछ में LoC के पास लैंडमाइन में धमाका, सैनिक घायल जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास गांव में शनिवार को लैंडमाइन धमाके में सेना का जवान घायल हो गया। धमाका बालाकोट इलाके में सेना के एक दस्ते के 'एरिया डोमिनेशन पेट्रोल' (इलाके पर गश्त) के दौरान हुआ, जिसमें एक अग्निवीर घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है। घुसपैठ रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में जगह-जगह लैंडमाइन बिछाए जाते हैं, जो कभी-कभी बारिश के पानी के साथ बह जाते हैं, जिसके कारण इस तरह की दुर्घटनाएं हो जाती हैं। एक अलग अभियान में, बलनोई इलाके के साग्रा सीमावर्ती गांव में सेना ने जंग लगा मोर्टार गोला देखा। इसे बाद में सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित धमाके के जरिए नष्ट कर दिया। हज 2026 के लिए 371 यात्रियों का पहला जत्था दिल्ली से जेद्दाह पहुंचा हज 2026 का पहला जत्था, जिसमें 371 तीर्थयात्री शामिल थे, शनिवार को नई दिल्ली से मक्का के लिए रवाना हुआ। इसके साथ ही भारत से सालाना तीर्थयात्रा के मौसम की शुरुआत हो गई है। ये यात्री दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां की मौजूदगी में इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सऊदी अरब के लिए रवाना हुए। ये जत्था सऊदी अरब के जेद्दा पहुंच गया। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने X पर पोस्ट किया कि भारतीय हाजियों के पहले समूह का मदीना हवाई अड्डे पर राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान और महावाणिज्य दूत फहद सूरी ने स्वागत किया। भारत वियना में वर्ल्ड बॉर्डर सिक्योरिटी कांग्रेस 2026 में शामिल हुआ शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय बताया कि भारत ने ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में 14 से 16 अप्रैल तक आयोजित वर्ल्ड बॉर्डर सिक्योरिटी कांग्रेस 2026 में अपनी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा से जुड़ी कार्यप्रणालियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। वियना गए प्रतिनिधिमंडल ने समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए अपनाए गए भारत के प्रभावी उपायों और रणनीतियों को साझा किया। इसमें मजबूत और लचीले समुद्री शासन तंत्र के निर्माण पर देश के विशेष फोकस को भी रेखांकित किया गया। चारधाम यात्राः पहले दिन 18.25 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई, जिसमें पहले ही दिन 2713 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। अधिकारियों ने बताया कि यह मैनुअल रजिस्ट्रेशन यात्रा शुरू होने से पहले शुरू किया गया है, जिसकी शुरुआत रविवार से हो रही है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन यमुनोत्री के लिए 683, गंगोत्री के लिए 690, केदारनाथ के लिए 667 और बद्रीनाथ के लिए 673 श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न ट्रांजिट पॉइंट्स पर भी टीमें भेजी जा रही हैं, ताकि मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराया जा सके। वहीं, 6 मार्च से शुरू हुई ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी जारी है। अब तक करीब 18.23 लाख श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों को मिलाकर कुल पंजीकरण संख्या अब 18.25 लाख तक पहुंच गई है। उदयपुर में पेंट की दुकान में भीषण आग राजस्थान के उदयपुर में आरके सर्कल में एक पेंट की दुकान में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। फायर अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों की तेजी से आग पर काबू पा लिया गया। इस हादसे में अब तक किसी के जान नहीं गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। दक्षिण दिल्ली के चितरंजन पार्क में पिता-पुत्र की चाकू से हत्या, पैसे के विवाद में वारदात दिल्ली के दक्षिणी इलाके में चितरंजन पार्क के पास एक पिता और उनके बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, घटना पैसे के विवाद को लेकर हुई। मृतकों की पहचान राकेश सूद और उनके बेटे करण सूद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, घटना शाम के समय एफ ब्लॉक के एक अपार्टमेंट में हुई। पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तो टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां दोनों को घर के बाहर खून से लथपथ हालत में थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हमले में दो से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका है