डीग के बृज नगर उपजिला अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अस्पताल परिसर और वार्डों की बदहाली साफ दिख रही है, जहां मरीज गंदगी और संक्रमण के बीच इलाज कराने को मजबूर हैं। वायरल वीडियो में अस्पताल के जनरल वार्ड में बिस्तर की चादरें फटी हुई और खून से सनी दिखाई दे रही हैं। चारों ओर गंदगी का आलम है, जिससे मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर के गेट के पास आवारा कुत्तों ने अपना ठिकाना बना लिया है। विडंबना यह है कि यह वही अस्पताल है जहां लोग रेबीज का इलाज कराने आते हैं, लेकिन रेबीज फैलाने वाले जानवर ही परिसर में बेखौफ घूमते नजर आ रहे हैं। यह स्थिति तब है जब सरकार द्वारा अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़े-बड़े बजट आवंटित किए जाते हैं। इसके बावजूद बृज नगर उपजिला अस्पताल में व्यवस्थाओं की कमी और बदहाली चिंता का विषय बनी हुई है।