डीग जिले के बृजनगर कस्बे में करंट की चपेट में आने से एक गोवंश की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित गौ सेवकों ने अपनी मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरपालिका ईओ हरिओम गुर्जर और तहसीलदार कमलचंद शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने गौसेवकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके निराकरण का ठोस आश्वासन दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि निराश्रित गोवंश के लिए पानी, चारा और सुरक्षित स्थान जैसी आवश्यक सुविधाओं के विस्तार में नगरपालिका और तहसील प्रशासन पूर्ण सहयोग करेगा। अधिकारियों के सकारात्मक रुख और समस्याओं के जल्द समाधान के वादे के बाद गौसेवकों ने अपना धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय गौसेवक और ग्रामीण मौजूद रहे।