बृजनगर थाना पुलिस ने होटल मालिक से मारपीट, रुपए छीनने और अपहरण के मामले में आरोपी राज उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 की रात अलवर रोड स्थित रेस्टोरेंट में कुछ लोगों ने स्पेशल सब्जी-रोटी का ऑर्डर दिया। खाना खाने के बाद रुपए देने की बात पर विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपियों ने होटल मालिक से मारपीट की और गल्ले से करीब 50 हजार रुपए, उसकी जेब से 10 हजार रुपए और ताऊ ईश्वर की पैंट की जेब से 15 हजार रुपए छीन लिए। इसके बाद आरोपियों ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और होटल मालिक को जबरन स्विफ्ट कार में डालकर ले गए। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के निर्देशन में ‘ऑपरेशन शिकंजा 2.0’ के तहत बृजनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तार राज उर्फ राजकुमार गुर्जर खेड़ली, थाना जालूकी, जिला डीग का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्विफ्ट कार जब्त की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।