जयपुर के जवाहर नगर थाना पुलिस ने बीएसएनएल की भूमिगत केबल से कॉपर वायर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर, खुदाई के उपकरण और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि गिरोह पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम देता था। गिरोह का सरगना नूर आलम उर्फ गुड्डु भूमिगत केबल और पाइपलाइन बिछाने के काम से जुड़ा रहा है, जिससे उसे जमीन के नीचे बिछी केबलों की सटीक जानकारी थी। इसी तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल कर वह चोरी की साजिश रचता था। इस काम के लिए उसने भूमिगत मशीन चलाने में माहिर आरोपी आरिफ इस्लाम उर्फ राजा को साथ जोड़ा। आरिफ ने अपने भाई राहुल इस्लाम के जरिए पश्चिम बंगाल से मजदूर बुलाए। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर टीम बनाकर जवाहर नगर क्षेत्र में BSNL की भूमिगत केबल चोरी करते थे। पहले दिन में रैकी करते पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य पहले दिन में इलाके की रैकी करते और उन स्थानों को चिन्हित करते जहां केबल बिछी होती थी। इसके बाद रात में अंधेरे का फायदा उठाकर फावड़ा, कुदाली जैसे औजारों से जमीन खोदकर केबल निकालते थे। केबल को बाहर निकालने के बाद उसे काटकर जलाया जाता था, जिससे प्लास्टिक हट जाता और अंदर का कॉपर अलग हो जाता। इस कॉपर को बाद में कबाड़ियों को बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। वारदात के दौरान अगर कोई पूछताछ करता तो आरोपी यह कहकर लोगों को गुमराह करते कि BSNL की ओर से फाइबर केबल बिछाने का काम चल रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हाल के दिनों में तांबे की कीमत बढ़ने के कारण गिरोह इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। BSNL की संपत्ति को बनाया निशाना इस गिरोह की गतिविधियों से BSNL की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा और कई बार दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हुईं। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के 8 सदस्यों, नूर आलम उर्फ गुड्डु (40), आरिफ इस्लाम उर्फ राजा (26), राहुल इस्लाम (27), प्रशांत मंडल (29), अनवर हुसैन (34), साहिल हुसैन (25), माजिद हुसैन (36) और शाहरुख (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की पहचान में जुटी हुई है।