बूंदी के करवर कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्मार्ट मीटर, पेयजल अव्यवस्था और गेहूं खरीद केंद्र सहित आमजन से जुड़ी छह सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उपतहसील कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। सोमवार सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता केशव चौक में एकत्रित हुए। वहां से वे नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में उप तहसील कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने, बिगड़ी पेयजल व्यवस्था में सुधार करने, किसानों की बकाया आपदा राहत व बीमा क्लेम राशि जारी करने, गेहूं खरीद केंद्रों में तूलाई क्षमता बढ़ाने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, जाम की समस्या से निजात दिलाने, उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा के गेहूं निजी कांटों के बजाय सरकारी कांटों पर तोलने और रिक्त कानूंनगा का पद भरने सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। समस्याओं के जल्द समाधान की मांग कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जल्द से जल्द इन समस्याओं के निराकरण की मांग की। उन्होंने ग्राम पंचायत और विद्युत विभाग कार्यालय में भी संबंधित समस्या समाधान के लिए ज्ञापन दिए। ज्ञापन देने वालों में नैनवा उप प्रधान मोहन लाल नागर, पूर्व सरपंच कन्हैया लाल नागर, यशपाल मीणा, इकाई अध्यक्ष रामप्रसाद शर्मा, मंडल अध्यक्ष लोकेश गर्ग, रफीक मुगल, मुकेश कुमार, रमेश जैन, गजेंद्र सिंह सोलंकी, शंकर लाल सुवालका, सुभान अंसारी, महावीर प्रसाद, रामप्रकाश प्रजापत, मनमोहन शर्मा, बिरधी लाल कुशवाह और शंभू नागर सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल थे। कंटेंट : आरेन रशीद (करवर)।