बूंदी के नैनवां में संयुक्त व्यापार विकास समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) नरेंद्र मीणा से मुलाकात कर शहर की प्रमुख जनसमस्याओं को उठाया। समिति ने जर्जर सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत, नए शौचालयों के निर्माण, आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नंदीशाला निर्माण तथा जलदाय विभाग की पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीसी सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग की। ईओ ने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जर्जर शौचालयों पर जताई चिंता बैठक में समिति ने शहर के सार्वजनिक शौचालयों की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उनकी तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही आवश्यकता वाले स्थानों पर नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराने का भी आग्रह किया। आवारा पशुओं के लिए नंदीशाला का प्रस्ताव शहर में बढ़ते आवारा पशुओं के आतंक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मीणा ने बताया कि नंदीशाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही गौशाला के पास नंदीशाला का निर्माण कराया जाएगा, जहां शहर के आवारा पशुओं को रखा जाएगा। क्षतिग्रस्त सीसी सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग समिति ने जलदाय विभाग द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान उखड़ी सीसी सड़कों का मुद्दा भी उठाया। पदाधिकारियों ने मांग की कि जिन स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां जल्द से जल्द सीसी सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए। ये रहे मौजूद इस दौरान संयुक्त व्यापार विकास समिति के अध्यक्ष अनिल मित्तल, उपाध्यक्ष विजय मित्तल, सचिव अमित मारवाड़ा, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रमोद जैन, रविंद्र जैन (ठग), निवर्तमान पार्षद राजू चौधरी, उम्मेद नागर, दीपक चोपड़ा, महावीर नागर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।