बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र में बेटी से देह व्यापार करवाने के आरोप में पुलिस ने उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया है। इस मामले में महिला दलाल अभी फरार है। पुलिस दलाल की तलाश में जुटी हुई है। यह खुलासा चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्रवाई के दौरान हुआ। टीम को जानकारी मिली थी कि एक नाबालिग से 300-500 रुपए में दलाल के घर देह व्यापार करवाया जा रहा था। यह घटना जिले के दबलाना क्षेत्र की है। दबलाना थाना प्रभारी प्रिया व्यास ने बताया कि बूंदी चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम दबलाना क्षेत्र में देह व्यापार से जुड़े एक अन्य मामले की जांच करने पहुंची थी। टीम को झालावाड़ से नाबालिग बालिकाओं को लाकर देह व्यापार करवाने की सूचना मिली थी, लेकिन जांच में ऐसी कोई बालिका नहीं मिली। इसी दौरान टीम की जांच में एक नाबालिग सामने आई, जिससे उसके माता-पिता देह व्यापार का काम करवा रहे थे। दलाल के घर करवाते थे अवैध काम बाल कल्याण समिति (CWC) अध्यक्ष सीमा पोद्दार के अनुसार, चाइल्ड हेल्पलाइन को 1098 पर सूचना मिली थी। टीम ने दबलाना पुलिस के साथ मिलकर बालिका के घर पहुंचकर उसे रेस्क्यू किया। पूछताछ में नाबालिग ने अपने माता-पिता और महिला दलाल पर जबरन देह व्यापार करवाने का आरोप लगाया। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षा में लेकर उसके बयान दर्ज करवाए, जिसमें उसने दलाल के घर पर देह व्यापार करवाने की बात कही। 300 से 500 रुपए में सौदा चाइल्ड हेल्पलाइन कोऑर्डिनेटर रामनारायण गुर्जर ने बताया कि पूछताछ और बयानों में सामने आया कि आरोपी माता-पिता के कहने पर दलाल के घर 300 से 500 रुपए में देह व्यापार करवाया जा रहा था। नाबालिग को कई बार देह शोषण का शिकार बनाया जा चुका है।