बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र में सोमवार शाम हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी पकी हुई फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया। लाम्बाबरडा निवासी किसान रामनारायण माली ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर नैनवां पटवार मंडल द्वितीय के हनुवंतपुरा में 90 बीघा जमीन आदोली पर लेकर गेहूं की फसल बोई थी। फसल पूरी तरह पक चुकी थी और कटाई की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक आई बारिश और ओलावृष्टि ने सब कुछ तबाह कर दिया। उन्होंने कहा कि अब घर में खाने का संकट खड़ा हो गया है और दो बेटियों की शादी की जिम्मेदारी भी सामने है। किसानों ने कर्ज लेकर बोई थी फसल यह पीड़ा केवल रामनारायण माली की नहीं है, बल्कि क्षेत्र के कई अन्य किसानों की भी है। हनुवंतपुरा के हरजीराम, लालू, पाना बाई, कमल, मोतीलाल, शंकर, प्रहलाद और राधेश्याम सहित अनेक किसानों ने बताया कि उनकी पूरी फसल नष्ट हो चुकी है। इसी तरह ग्राम बिजलबा में भी ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। यहां अलीबहादुर, रामनारायण सैनी, रामलाल सैनी, आसाराम मीणा, रामनिवास मीणा, हेमराज मीणा, भंवरलाल मीणा, कमलेश मीणा, मिश्रीलाल खाती और ऊमर तेली सहित कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है।