बूंदी जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) चारू ने गुरुवार को खटकड़ और फौलाई ग्राम पंचायत का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर, कैशबुक, वीबी-जी राम जी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई रिकॉर्ड की जांच की। सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंजूर आवासों के लिए तुरंत मस्टररोल जारी कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के तहत ग्राम पंचायत में श्मशान घाट का विकास, सड़क, पीने के पानी और नाली निर्माण जैसे लोगों के हित के जरूरी काम कराए जाएं। साथ ही, जॉबकार्ड वाले मजदूरों को वीबी-जी राम जी योजना से रोजगार दिया जाए और पोषण वाटिका के मंजूर कामों को तुरंत शुरू कराया जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने पंचायत में रखे अव्यवस्थित सरकारी रिकॉर्ड और गंदगी पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने 3 दिन के अंदर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।