बूंदी में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें जिले की कानून-व्यवस्था, आपसी सौहार्द और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने समिति सदस्यों से शहर की शांति और गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। कलेक्टर ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष प्रयासों से पहली बार गांधी सागर बांध से सीधे कोटा-बूंदी क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का पानी छोड़ा गया है। इससे बूंदी और केशवरायपाटन क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। नाबालिगों के गाड़ी चलाने पर परिजनों के काटे जाएंगे चालान एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने यातायात और अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर उनके परिजनों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। बैठक में एडीएम एच.डी. सिंह, एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा, तहसीलदार अर्जुन लाल मीणा सहित जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।