बूंदी के नैनवां निवासी राजकुमार दाधीच (46) 14 सितंबर से लापता हैं। वह 12 सितंबर को कोटा से जगन्नाथ पुरी की तीर्थ यात्रा के लिए निकले थे। पुरी पहुंचने से पहले ओडिशा के साक्षी गोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वह अपने साथियों से बिछड़ गए। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। साथियों से बिछड़े, ट्रेन में छूट गया सामान राजकुमार की पत्नी कुसुमलता दाधीच और भाई गणेश दाधीच ने बताया कि साक्षी गोपाल रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद राजकुमार वापस ट्रेन में नहीं चढ़ पाए। उनका बैग, पैसे और मोबाइल चार्जर ट्रेन में ही रह गए। राजकुमार का अपना मोबाइल उनके पास था, लेकिन कुछ देर बाद वह भी बंद हो गया। इसके बाद से मोबाइल आज तक चालू नहीं हुआ है। अस्पताल के पास मिली आखिरी लोकेशन परिजनों ने मामले की जानकारी नैनवां पुलिस को देते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। मोबाइल नंबर की जांच में राजकुमार की आखिरी लोकेशन 14 सितंबर को रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक अस्पताल के आसपास मिली है। इसके बाद उनकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार ने बताया कि राजकुमार शुगर के मरीज भी हैं, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। परिवार ने कांग्रेस नेता से मांगी मदद राजकुमार के परिजनों ने कांग्रेस नेता एवं राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक चर्मेश शर्मा से भी मदद मांगी है। शर्मा ने राजकुमार को ओडिशा में तलाश कर जल्द सकुशल परिवार के पास पहुंचाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम याचिका दायर की है। साथ ही राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग में भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। ओडिशा प्रशासन से त्वरित तलाश की मांग चर्मेश शर्मा ने कहा कि राजकुमार दाधीच के परिवार वाले काफी दुखी हैं। उन्होंने मांग की कि ओडिशा सरकार और पुरी प्रशासन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्षी गोपाल रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में राजकुमार की तलाश कर उन्हें जल्द सकुशल बूंदी स्थित परिवार तक पहुंचाएं।