संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को बूंदी में केशवरायपाटन उपखंड की ग्राम पंचायत जैथल में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के जल्द निपटारों पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शिविर में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। संभागीय आयुक्त ने केशवरायपाटन तहसीलदार सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन और आधार कार्ड में आ रही त्रुटियों का समाधान शिविर के दौरान ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को असुविधा न हो। संस्कृत स्कूल का भी दौरा किया इसके बाद संभागीय आयुक्त ने ग्राम पंचायत जैथल स्थित राजकीय प्राथमिक संस्कृत विद्यालय का भी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पता चला कि स्कूल में संस्कृत विषय का अध्यापक पदस्थापित नहीं है। उन्होंने प्रधानाचार्य को जल्द से जल्द संबंधित विभाग को शिक्षक की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में फर्नीचर और अन्य सामान्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान संभागीय आयुक्त ने अजेता उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। शहरी सेवा शिविर में बांटे पट्टे संभागीय आयुक्‍त ने मंगलवार को कुंभा स्‍टेडियम स्थित नगर परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया। उन्‍होंने शिविर में शहरी क्षेत्रों के निवासियों को दी जा रही सुविधाओं तथा समस्‍याओं के निस्‍तारण की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्‍होंने शिविर के लाभार्थियों को आवासीय पट्टे भी वितरित किए। इस दौरान एसडीएम लक्ष्‍मीकांत मीणा, नगर परिषद आयुक्‍त ब्रजेश राय, तहसीलदार केशवरायपाटन रवि शर्मा आदि मौजूद रहे।