बूंदी में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत अध्यक्ष पदों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। बूंदी नगर परिषद समेत जिले की आठ नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 16 सितंबर है, जबकि 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी। उम्मीदवार 18 सितंबर को अपना नाम वापस ले सकेंगे और इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन भी किया जाएगा। 15 सितंबर को नहीं आया एक भी नामांकन नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 15 सितंबर को बूंदी नगर परिषद समेत जिले की आठों नगरीय निकायों में किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। अब उम्मीदवारों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए 16 सितंबर तक का समय है। अलग-अलग निकायों के लिए तय किए गए केंद्र अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र लेने, जमा करने, उनकी जांच, नाम वापसी और मतदान के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। बूंदी नगर परिषद के लिए नगर परिषद भवन बूंदी, कापरेन नगरपालिका के लिए उप तहसील कार्यालय कापरेन, हिंडोली के लिए नगरपालिका भवन हिंडोली और देई के लिए उप तहसील कार्यालय देई में प्रक्रिया होगी। इसी तरह नैनवां के लिए नगरपालिका कार्यालय नैनवां, केशवरायपाटन के लिए सभा भवन कार्यालय नगरपालिका केशवरायपाटन, लाखेरी के लिए कार्यालय नगरपालिका भवन लाखेरी तथा इंद्रगढ़ के लिए कार्यालय नगरपालिका भवन इंद्रगढ़ में अध्यक्ष पद के चुनाव से संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 21 सितंबर को तय होगा अध्यक्ष पद का फैसला नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी, जिससे अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम भी उसी दिन सामने आने की संभावना है।