भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बूंदी जिले के इंदरगढ़ तहसील क्षेत्र में एक पटवारी के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है। पटवारी रामकिशन मीणा, भड़गपुरा पोस्ट भरतून तहसील, सपोटरा करौली का निवासी है। इंदरगढ़ तहसील के दौलतपुरा में पोस्टेड है। पटवारी ने जमीन का राजस्व रिकॉर्ड ऑन लाइन चढ़ाने के एवज में 10 हजार रिश्वत मांगी थी। जानकारी के अनुसार सुमेरगंजमंडी निवासी परिवादी ने 22 जनवरी को कोटा एसीबी स्पेशल यूनिट चौकी में शिकायत दर्ज दी थी। शिकायत में बताया कि तहसीलदार इंदरगढ़ ने 19 जनवरी को बंटवारे के बाद जमीन भाइयों के नाम ऑनलाइन चढ़ाने के निर्देश दिए थे। इस काम के लिए दौलतपुरा पटवारी रामकिशन मीणा से मिला। उसने राजस्व रिकॉर्ड ऑन लाइन चढ़ाने के एवज में 10 हजार मागे। जिसमें से 5 हजार पहले ही ले लिए। शेष 5 हजार की और डिमांड की। एसीबी द्वारा 23 जनवरी को शिकायत सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। 29 जनवरी को आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी टीम दौलतपुर गांव के पास पहुंची। लेकिन शक होने पर पटवारी मौके पर नहीं आया। फोन भी नहीं उठाया। बाद में उसने परिवादी को 30 जनवरी को तहसील में मिलने के लिए बुलाया। लेकिन पटवारी वहां भी नहीं आया। परिवादी से पत्नी की तबीयत खराब होने का हवाला देकर जयपुर जाने की बात कही। जिसके बाद एसीबी ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी। जहां से आदेश मिलने के बाद एसीबी नेआरोपी पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एसीबी डीएसपी बूंदी हरीश भारती को सौंपी। डीएसपी बूंदी हरीश भारती ने बताया कि पटवारी के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है।