बूंदी शहर के तहसील रोड स्थित हरिधाम क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने कथित देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया। सदर और दबलाना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला दलाल सहित 23 लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में 7 महिलाएं और 15 पुरुष शामिल हैं। मुख्य आरोपी महिला दलाल की पहचान बृजकंवर के रूप में हुई है, जिसकी बसोली मोड़ पर एक होटल भी है। पुलिस के अनुसार एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। क्षेत्रवासियों ने सोमवार देर रात असामाजिक गतिविधियों और विवादों की सूचना दी थी। जानकारी के मुताबिक, इस मकान पर पहले भी 3 बार कार्रवाई की जा चुकी है। ऑनलाइन भुगतान के क्यूआर कोड मिले शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस ने एक बोगस ग्राहक भेजकर पुष्टि की। इसके बाद मकान पर दबिश दी गई। करीब 2 घंटे तक चली तलाशी के दौरान कमरों से ऑनलाइन भुगतान के क्यूआर कोड, दवाइयां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्राहकों से नकद के बजाय डिजिटल माध्यम से भुगतान लिया जा रहा था। नकदी, मोबाइल और डिजिटल पेमेंट मशीनें भी बरामद पुलिस ने मौके से 6 बाइक, 1 लोडिंग टेम्पो और 1 कार जब्त की। इसके अलावा नकदी, मोबाइल फोन और डिजिटल पेमेंट मशीनें भी बरामद की गईं। सभी आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस महिला दलाल के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। एसपी ने बताया कि आरोपियों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति की भी जांच शुरू कर दी गई है।