पाली में बस में चढ़ रही बुजुर्ग महिला को भीड़भाड़ में धक्का देखकर करीब 15 लाख रुपए की ज्वेलरी चुराने वाले को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने बुजुर्ग के गहने भी बरामद कर लिए हैं। कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार किया है। आरोपी बस स्टैंड पर रैकी करता था और मौका पाकर पर्स चुरा कर निकल लेता। इस पर पहले से 9 मामले दर्ज हैं। दामाद ने दर्ज करवाई थी FIR कोतवाली रविन्द्र सिंह खींची ने बताया- औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र के सरदार पटेल नगर निवासी सुधीर भंवर पुत्र शिवराज ने रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि 27 अप्रैल (सोमवार) को वह अपनी सास विष्णु प्रिया को सुबह 6 बजे नहर पुलिया बस डिपो पर छोड़कर गया था। जहां से वे अजमेर जाने के लिए बस में बैठी थी। कुछ दिन बाद कंडक्टर ने टिकट के लिए रुपए मांगे तो उन्होंने देखा कि उनका पर्स गायब है। पर्स में करीब 10 तोला सोने के गहने थे। और 30 हजार रुपए कैश थे। संभवत भीड़ में किसी ने उनका पर्स चोरी कर लिया। बस स्टैंड की रैकी करता था; पहले से 9 मुकदमे दर्ज मामले में एएसआई शंकरलाल, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र वागोरा और कांस्टेबल प्रेमसुख की टीम गठित की। जिन्होंने मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटजे की मदद से वारदात को खोला। मामले में बापूनगर हाल सर्वोदय नगर निवासी प्रवीण पुत्र चम्पालाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जिसने बुजुर्ग का गहनों से भरा पर्स चोरी करना स्वीकार किया। इस पर उसे गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर घर में छुपाकर रखे गहने और रुपए बरामद किए। आरोपी बस डिपो के आस-पास घूमता है। और रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम देता है। आरोपी के खिलाफ पहले से जुआ-सट्‌टा, लूट, मारपीट जैसे 9 मुकदमे दर्ज हैं।