धौलपुर जिले के बसई नवाब कस्बे में रविवार रात कौलारी थाना क्षेत्र में हुई आगजनी की घटना में लकड़ी से बनी करीब 6 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य बाजार में बिजली के वायर में फाल्ट होने से एक दुकान में आग लगी। यह आग तेजी से आसपास की अन्य दुकानों में फैल गई। रात का समय होने के कारण शुरुआत में आग का पता नहीं चल सका, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। आगजनी से मचा हड़कंप प्रत्यक्षदर्शी झम्मन जाटव ने बताया कि आग लगने के बाद कस्बे में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, पर्याप्त संसाधनों की कमी के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। 2 घंटे लेट पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन जिला मुख्यालय से दमकल की गाड़ी करीब 2 घंटे देरी से पहुंची। तब तक सभी दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। मुआवजे की मांग आग में फलों के साथ-साथ दुकानदारों की नकदी और अन्य सामान भी जल गया। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए कस्बे में बेहतर अग्निशमन व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया।