बाड़मेर | मारुड़ी क्षेत्र में एक कैमरामैन को बंधक बनाकर डराने-धमकाने, कैमरा सेट, नकदी और अन्य कीमती सामान छीनने की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। पीड़ित रमेश कुमार ब्राह्मण निवासी निम्बाणियों की ढाणी, कवास ने बाड़मेर ग्रामीण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पेशे से कैमरामैन है। आरोपी जगदीशसिंह मारुड़ी ने इंस्टाग्राम पर संपर्क कर एक सगाई कार्यक्रम की कवरेज के लिए 12 हजार रुपए में उसका कैमरा बुक किया था। आरोपियों ने कैमरामैन को 1000 रुपए एडवांस देकर 27 जून को दोपहर बाड़मेर बुलाया। रात करीब 8:20 बजे आरोपी उसे मारुड़ी की तरफ ले गए। दांता गोशाला के पास पहाड़ी पर ले जाकर लूट लिया। पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी व स्थानीय इनपुट जुटाए। इसके बाद आरोपी जगदीशसिंह और हिन्दुसिंह निवासी परो को दबोच लिया गया। लूट का माल भी बरामद किया।