भास्कर न्यूज | दौसा जिले के 11 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए 27 नामांकन पत्रों की जांच में 26 वैध पाए गए। लवाण में पार्टी सिंबल के अभाव में एक प्रत्याशी का नामांकन खारिज हुआ। लवाण में गुदना देवी ने भाजपा से नामांकन किया था। पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी हीरा देवी को घोषित किया था। नामांकन जांच के बाद अब प्रत्याशियों के बीच मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए नाम वापसी का समय शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक है। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर और साफ होगी। नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। दौसा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की कविता, कांग्रेस की रेखा कुमारी गुर्जर, निर्दलीय राधा जायसवाल के नामांकन जांच में सही पाए गए। बांदीकुई नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की राजन्ती देवी सैनी, कांग्रेस की विनोद देवी मैदान में हैं। बसवा में कांग्रेस के छोटेलाल गुर्जर, भाजपा के मुकेश कुमार सैनी मैदान में हैं। भांडारेज में निर्दलीय पूनम चौहान खटीक, कांग्रेस की राधा महावर, भाजपा की सीमा के नामांकन वैध पाए गए। लालसोट में कांग्रेस के कपिल, भाजपा की पिंकी चतुर्वेदी मैदान में हैं। लवाण में कांग्रेस की कैलाशी, भाजपा की हीरा मैदान में हैं। मंडावर में अध्यक्ष पद के लिए पांच नामांकन वैध पाए गए। इनमें कांग्रेस की अनीता देवी, भाजपा के अशोक मीणा, निर्दलीय आशा, गुड्डी देवी, रामकली शामिल हैं। मंडावरी में भाजपा की जन्तु देवी मीणा, कांग्रेस के रामकेश मीणा मैदान में हैं। रामगढ़ पचवारा में भाजपा के राधेश्याम मीणा, कांग्रेस के रामफूल मीणा मैदान में हैं। सिकराय में भाजपा के कैलाश, कांग्रेस के कैलाश प्रत्याशी हैं। गौरतलब है कि निकाय प्रमुख पद के लिए 21 सितम्बर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना होगी। परिणाम घोषित किया जाएगा। उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितम्बर को होगा।