जोधपुर | पूर्व नरेश गजसिंह की ओर से उनके पावर ऑफ अटॉर्नी महेंद्र सिंह तंवर ने आम मुख्तारनामे के कथित दुरुपयोग से कृषि भूमि का दान पत्र तैयार कर पंजीयन कराने की शिकायत दर्ज कराई है। उदयमंदिर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी मनोज कुमार मेघवाल और दिलीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई मदनलाल को सौंपी है। शिकायत के अनुसार खसरा नंबर 649 की बारानी भूमि, जिसका रकबा एक बीघा दो बिस्वांसी यानी 17,506 वर्गफीट है। इसका दान पत्र तैयार कर मनोज कुमार मेघवाल को दान ग्रहणकर्ता बताया गया। परिवादी का आरोप है कि आम मुख्तारनामा केवल दीवानी, फौजदारी और राजस्व मामलों में पैरवी के लिए था। इसमें संपत्ति बेचने या दान करने का अधिकार नहीं दिया गया था। आरोप है कि दान पत्र पहले पंजीकृत नहीं कराया गया और बाद में कलेक्टर (मुद्रांक) के समक्ष स्टांप शुल्क जमा कराकर उसका पंजीयन कराया गया।